कोरोना के नए स्ट्रेन की वजह से सऊदी अरब में लगी यात्रा पाबंदी हटी
मॉस्को
सऊदी अरब ने रविवार को कोविड-19 के नए स्ट्रेन के कारण देश में प्रवेश पर लगे प्रतिबंध रविवार को हटा दिए। एसपीए समाचार एजेंसी ने गृह मंत्रालय के हवाले से बताया कि सऊदी अरब ने कई देशों में कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन मिलने के मद्देनजर 21 दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों तथा समुद्री और जमीनी रास्तों को बंद करने की घोषणा की थी। बाद में प्रतिबंध की यह मियाद बढ़ा दी गई थी। देश में स्थानीय समयानुसार पूर्वाह्न करीब 11 बजे से अंतरराष्ट्रीय विमानों का परिचालन फिर से शुरू कर दिया गया। एजेंसी ने कहा कि ब्रिटेन, दक्षिण अफ्रीका और उन सभी देशों से आने वाले लोगों को सऊदी अरब में प्रवेश करने से पहले कम से कम 14 दिन का समय अपने-अपने देशों से बाहर गुजारना होगा, जहां कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन पाया गया है। ऐसे यात्रियों को कोरोना वायरस के लिए पोलीमरेज चेन रिएक्शन (पीसीआर) टेस्ट की निगेटिव रिपोर्ट प्रस्तुत करने की आवश्यकता होगी। दूसरे देशों के यात्रियों को तीन से सात दिन आइसोलेशन में रहना होगा और पीसीआर जांच का परिणाम भी दिखाना होगा। गौरतलब है कि दक्षिण पूर्व ब्रिटेन में दिसंबर के मध्य में सार्स-सीओवी-2 का नया स्ट्रेन मिला था जो मौजूदा वायरस से 70 प्रतिशत तक अधिक संक्रामक हो सकता है। कई देशों द्वारा ब्रिटेन के साथ हवाई सेवा निलंबित करने के बावजूद, नए स्ट्रेन के पूरे यूरोप और अन्य स्थानों पर भी फैलने की आशंका है। फिलहाल सऊदी अरब में कोरोना से करीब 3.63 लाख लोग प्रभावित हैं, जबकि 6,239 लोगों की मौत हो चुकी हैं।
विश्व में कोरोना से 8.46 करोड़ लोग प्रभावित
दूसरी ओर, विश्व में कई देशों में कोरोना वायरस (कोविड-19) के टीकाकरण का अभियान शुरू होने के बीच इस महामारी का प्रकोप जारी है और अब तक इससे दुनियाभर में करीब 18.36 लाख लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि लगभग 8.46 करोड़ लोग प्रभावित हो चुके हैं। अमेरिका की जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के विज्ञान एवं इंजीनियरिंग केन्द्र (सीएसएसई) की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक विश्व के 191 देशों में कोरोना वायरस से अब तक 8,45,88,500 लोग संक्रमित हुए हैं, जबकि 18 लाख 35 हजार 788 मरीजों की मौत हो चुकी है।

पाठको की राय